enewsmp.com
Home क्राइम ज्वेलरी डकैती का खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह के 3 आरोपी गिरफ्तार

ज्वेलरी डकैती का खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह के 3 आरोपी गिरफ्तार

सिंगरौली/जयंत(ईन्यूज एमपी)- बजरंग कॉम्पलेक्स स्थित कंचन ज्वेलर्स में हथियारों के बल पर हुई डकैती का सिंगरौली पुलिस ने करीब छह घंटे में खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और झारखंड पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरोह के तीन आरोपियों को पकड़ा गया है। आरोपियों के कब्जे से 200.7 ग्राम सोने के आभूषण, 205.410 ग्राम चांदी, 1.04 लाख रुपये नकद, दो अपाचे बाइक, एक पिस्टल, दो कट्टे और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार 17 सितंबर की शाम करीब 5:50 बजे हथियारबंद बदमाश कंचन ज्वेलर्स में घुसे और कर्मचारियों व दुकान में मौजूद लोगों को धमकाकर मोबाइल छीन लिए। विरोध करने पर संचालक अखिलेश कुमार वर्मा के सिर पर हथियार के बट से हमला किया गया। स्टाफ राहुल कुमार विश्वकर्मा ने विरोध किया तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी, जिसमें उसके हाथ की हथेली में गोली लगने की जानकारी पुलिस ने दी है।

वारदात के बाद आरोपी दो मोटरसाइकिलों से फरार हुए। पुलिस ने तत्काल सोनभद्र, बलरामपुर, गढ़वा और पलामू पुलिस को अलर्ट किया। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

पुलिस के मुताबिक अनपरा के पहले एक बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिसके बाद उस पर सवार लकी कुमार पासवान और अनुराग कुमार चंद्रवंशी, दोनों निवासी झारखंड, पकड़े गए। दोनों घायल होने के कारण अस्पताल में भर्ती कराए गए। इनके पास से सोने-चांदी के जेवरात, नकदी, बाइक और मोबाइल बरामद किया गया।

वहीं, उत्तरप्रदेश पुलिस ने रोशन स्वीपर निवासी सोनभद्र को पकड़ा। पुलिस के अनुसार वह जवाबी फायरिंग में घायल हुआ है। उसके पास से दूसरी अपाचे बाइक सहित लूट के आभूषण और नकदी बरामद की गई।

पुलिस अब गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और झारखंड समेत कई स्थानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों के अनुसार शेष लूटे गए माल की बरामदगी और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Share:

Leave a Comment