enewsmp.com
Home सीधी दर्पण टीईटी अनिवार्यता के विरोध में शिक्षकों का सामूहिक उपवास 20 सितंबर को

टीईटी अनिवार्यता के विरोध में शिक्षकों का सामूहिक उपवास 20 सितंबर को

सीधी(ईन्यूज एमपी)- अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा के प्रांतीय संयोजक एवं आजाद अध्यापक शिक्षक संघ के प्रांताध्यक्ष भरत पटेल के आह्वान पर सीधी में शिक्षक 20 सितंबर 2026 को टीईटी अनिवार्यता सहित विभिन्न मांगों को लेकर सामूहिक उपवास और धरना देंगे। कार्यक्रम स्थानीय पूजा पार्क में सुबह 11 बजे से आयोजित किया जाएगा।

जिला संयोजक हरीश मिश्र के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम के बाद शिक्षक रैली निकालकर मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपेंगे।

जिला संयोजक हरीश मिश्र एवं प्रांतीय उप संयोजक विजय तिवारी ने बताया कि संगठन की प्रमुख मांग सेवारत शिक्षकों को टीईटी परीक्षा की अनिवार्यता से मुक्त करना है। उनका कहना है कि अन्य राज्यों की तर्ज पर मध्यप्रदेश सरकार द्वारा इस संबंध में विधानसभा में विधेयक पारित करने अथवा केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजने की मांग की जा रही है।

शिक्षक नेताओं ने प्रथम नियुक्ति दिनांक से सेवावधि की गणना कर पुरानी पेंशन, ग्रेच्युटी एवं अवकाश संबंधी लाभ देने की मांग भी उठाई है। इसके अलावा 2018 से पूर्व के अर्जित अवकाश को ऑनलाइन दर्ज नहीं करने तथा अवकाश नगदीकरण की व्यवस्था को लेकर भी संगठन ने अपनी मांग रखी है।

शिक्षकों ने ई-अटेंडेंस व्यवस्था को अव्यावहारिक बताते हुए लंबित क्रमोन्नति, पदोन्नति और समयमान वेतनमान के आदेश जारी करने की मांग की है। संगठन पदाधिकारियों ने जिले के विभिन्न विद्यालयों में शिक्षकों से संपर्क कर 20 सितंबर के सामूहिक उपवास कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।

Share:

Leave a Comment