enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश बाणसागर बांध के 4 रेडियल गेट खुलेंगे, सोन नदी में बढ़ेगा जलप्रवाह; डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों में अलर्ट

बाणसागर बांध के 4 रेडियल गेट खुलेंगे, सोन नदी में बढ़ेगा जलप्रवाह; डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों में अलर्ट

शहडोल (ईन्यूज एमपी)-बाणसागर मुख्य बांध में पूर्ण भराव जलस्तर बनाए रखने और जल की आवक बढ़ने के कारण बांध के चार रेडियल गेटों से पानी छोड़ा जाएगा। गंगा कछार जल संसाधन विभाग, रीवा के मुख्य अभियंता के आदेशानुसार 12 सितंबर की रात 9 बजे से पहले से खुले गेट क्रमांक 9 एवं 10 के अलावा गेट क्रमांक 8 एवं 11 को भी 1-1 मीटर खोला जाएगा।

चारों रेडियल गेटों से स्पिलवे के माध्यम से कुल 833 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जाएगा। इसके अलावा पावर हाउस क्रमांक-3 से सोन नदी में छोड़े जा रहे पानी को मिलाकर सोन नदी में कुल जलप्रवाह 1008.52 क्यूमेक्स रहेगा।

जलप्रवाह बढ़ने की संभावना को देखते हुए विभाग ने बाणसागर बांध के डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। मैदानी अमले को अलर्ट रहने तथा सोन नदी के दोनों किनारों पर रहने वाले लोगों तक आवश्यक सूचना पहुंचाने को कहा गया है।

विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे सोन नदी के किनारे से पर्याप्त दूरी बनाए रखें और किसी भी स्थिति में नदी में न जाएं। विशेष रूप से नदी के आसपास रहने वाले ग्रामीणों और अन्य लोगों को बढ़ते जलस्तर को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

प्रशासन एवं संबंधित मैदानी अमले से भी कहा गया है कि डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए और लोगों को समय रहते जलप्रवाह बढ़ने की जानकारी दी जाए, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।

Share:

Leave a Comment