सीधी(ईन्यूज एमपी)- मझौली थाना क्षेत्र के ग्राम खरबर में हुई 50 वर्षीय व्यक्ति की हत्या का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक 21 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि घटना में शामिल एक विधि विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दो लकड़ी के डंडे भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार 28 जुलाई को ग्राम खरबर निवासी छबीलाल बैगा का शव जंगल चौकी के पास नाले में मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि 27 जुलाई की शाम छबीलाल मवई नदी पार कर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में रामप्रसाद बैगा और उसके साथ मौजूद एक विधि विरुद्ध बालक से उसका विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों ने लकड़ी के डंडों से छबीलाल पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि दोनों उसे नाले में फेंककर मौके से फरार हो गए। उपचार नहीं मिल पाने के कारण 28 जुलाई को उसकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों और वैज्ञानिक साक्ष्यों से खुला मामला पुलिस ने जांच के दौरान प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों को आधार बनाया। जांच के बाद थाना मझौली में धारा 103(1) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने रामप्रसाद बैगा (21), निवासी ग्राम बड़वाही, थाना जनकपुर, जिला एमसीबी (छत्तीसगढ़) को गिरफ्तार किया। वहीं घटना में शामिल एक नाबालिग को अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। नाले से बरामद किए हत्या में इस्तेमाल डंडे पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी और विधि विरुद्ध बालक से मिली जानकारी के आधार पर घटना में प्रयुक्त दो लकड़ी के डंडे जंगल चौकी के पास नाले से बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपी को शुक्रवार को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं एसडीओपी कुसमी संतोष तिवारी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी मझौली उप निरीक्षक विशाल शर्मा के नेतृत्व में की गई।