सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के मझौली थाना पुलिस ने अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रेत से भरा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए वाहन, रेत और अन्य सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 2 लाख 50 हजार 400 रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, सोमवार को मझौली पुलिस की टीम वारंट तामील एवं नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान चुवाही चौराहे पर मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पोड़ी (पाण्ड़) की ओर से एक नीले रंग का ट्रैक्टर अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए मझौली की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम पाण्ड़-छांदा मार्ग पर घेराबंदी की। पुलिस वाहन को देखकर ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर भागने लगा, लेकिन पीछा करने पर उसने पंचायत भवन के पास पड़वारी नदी पुलिया के नीचे ट्रैक्टर छोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया। जांच के दौरान ट्रॉली में अवैध रेत भरी मिली। साथ ही दो फावड़े और तीन तगाड़ियां भी बरामद हुईं। पूछताछ में चालक ने अपना नाम राजेन्द्र प्रसाद साहू (38 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 11, मझौली बताया। पुलिस द्वारा रेत के उत्खनन एवं परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने सोनालिका कंपनी का बिना नंबर का ट्रैक्टर, रेत से भरी ट्रॉली, दो फावड़े और तीन तगाड़ियां जब्त कर लीं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग ₹2.50 लाख आंकी गई है। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2), 317(5) तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम की धारा 21/4 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।