सीधी–टिकरी मार्ग पर हुई व्यापारी से लूट का पर्दाफाश, तीन आरोपी पुलिस गिरफ्त में सीधी(ईन्यूज एमपी)- मड़वास थाना क्षेत्र में हुए व्यापारी लूटकांड में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई नगदी, हथियार और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव, एसडीओपी चुरहट/कुसमी आशुतोष द्विवेदी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी मड़वास उप निरीक्षक भूपेश बैस के नेतृत्व में की गई। मामला 24 सितंबर 2025 का है, जब फरियादी सातेश्वर प्रसाद गुप्ता पिता घुरऊ प्रसाद गुप्ता उम्र 47 वर्ष निवासी ग्राम टिकरी थाना मड़वास अपनी किराना एवं बर्तन की दुकान से ₹2,52,000 की राशि लेकर सीधी के व्यापारी रामजी सोनी को भुगतान करने जा रहे थे। रात करीब 8:55 बजे जब वह दरिया का धुन्ना जंगल (दरिया तिराहा) के पास पहुँचे, तभी दो अज्ञात व्यक्तियों ने रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने फरियादी को मोटरसाइकिल समेत जंगल के भीतर ले जाकर तीसरे साथी की मदद से उनका मुंह दबाया, धमकाया और मारपीट करते हुए ₹2,52,000 नगद व एटीएम कार्ड लूट लिया। लूटपाट के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए। फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की। पुलिस अधीक्षक ने त्वरित कार्रवाई के लिए विशेष टीम का गठन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी पर इनाम भी घोषित किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर तीनों ने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपियों के पास से ₹22,200 नगद, एक डंडा, एक चाकू तथा हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (कीमत लगभग ₹55,000) बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, लूटी गई शेष राशि आरोपियों द्वारा खर्च कर दी गई है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट बनने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।