नशे पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2314 शीशी नशीली सिरप जब्त —सीधी के दो तस्कर गिरफ्तार रीवा। जिले के रायपुर कर्चुलियान थाना पुलिस ने नशीली कफ सिरप की तस्करी करने वाले गिरोह पर बड़ी कार्रवाई करते हुए सीधी जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 2314 शीशियां ऑनरेक्स कफ सिरप बरामद की हैं, जिसकी कीमत करीब ₹4.51 लाख बताई गई है। एसडीओपी उदित मिश्रा ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बुढ़िया टिकैता टोला रोड पर कुछ युवक नशीली कफ सिरप की खेप लेकर जा रहे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी और पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई की और मौके से दो कारों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान पहली काली होंडा WR-V कार (MP19 CC 5805) से 8 प्लास्टिक बोरियों में 1834 शीशियां और दूसरी सिल्वर वैगनआर (MP49 C 2490) से 4 खाकी कार्टून में 480 शीशियां बरामद की गईं। सीधी जिले के हैं दोनों आरोपी पुलिस ने मौके से दो आरोपियों राहुल सिंह पिता राजकुमार सिंह (29) निवासी पावा थाना चुरहट तथा उत्कर्ष द्विवेदी पिता पन्नालाल द्विवेदी (29) निवासी रकेला थाना रामपुर नैकिन, जिला सीधी को गिरफ्तार किया है। दोनों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जब्त वाहन और नशीली सिरप थाने में सुरक्षित रखी गई है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई कार्रवाई यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रीवा के निर्देशन और एसडीओपी उदित मिश्रा के नेतृत्व में की गई। टीम में थाना प्रभारी एवं पुलिस बल के जवान शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ में नशीली दवाओं की तस्करी से जुड़े नेटवर्क के बारे में अहम सुराग मिले हैं। जिनके आधार पर आगे की जांच और संभावित गिरफ्तारियां की जाएंगी।