सीधी:नहीं थम रहा सीधी जिले में नशे का कारोबार, सेमरिया पुलिस ने ढाई लाख की नशीली सिरप पकड़ी स्कार्पियो वाहन सहित करीब साढ़े बारह लाख रुपये का मसरूका जप्त, आरोपी गिरफ्तार सीधी। पुलिस की लगातार सख्ती के बावजूद जिले में नशे के कारोबार पर पूरी तरह लगाम नहीं लग पा रही है। इसी बीच सेमरिया पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप की बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर वाहन और मोबाइल फोन सहित कुल 12 लाख 52 हजार 770 रुपये का मसरूका जप्त किया है। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत के निर्देशन में मेडिकल नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव तथा एसडीओपी चुरहट आशुतोष द्विवेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक केदार परोहा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी को मुखबिर से सूचना मिली कि एक स्कॉर्पियो वाहन में बड़ी मात्रा में नशीली कफ सिरप लाई जा रही है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने रणनीतिक रूप से घेराबंदी की और ग्राम तिलमनडाड़ी हरिजन बस्ती के पास स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक MP18 T 3683 सहित आरोपी सूरज तिवारी (28 वर्ष), निवासी जिला शहडोल को पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से 1180 शीशी ऑनरेक्स कफ सिरप (कीमत लगभग 2 लाख 37 हजार 770 रुपये), एक स्कॉर्पियो वाहन (मूल्य 10 लाख रुपये) और एक मोटोरोला मोबाइल फोन (मूल्य 15 हजार रुपये) जप्त किया गया। कुल जब्त सामग्री का मूल्य लगभग 12 लाख 52 हजार 770 रुपये बताया गया है। आरोपी के विरुद्ध धारा 8, 21, 22, 29 एनडीपीएस एक्ट, 5/13 ड्रग्स कंट्रोल एक्ट एवं धारा 238B BNS के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि यह नशीला पदार्थ कहां से लाया गया और कहां सप्लाई करने वाला था। पुलिस टीम में उप निरीक्षक केदार परोहा, सहायक उप निरीक्षक भूपेंद्र बागरी, प्रधान आरक्षक जगदीश सिंह, पंकज विश्वकर्मा, आरक्षक मनीष शुक्ला, विनीत सिंह, भूपेंद्र बागरी और प्रकाश सिंह बघेल की सराहनीय भूमिका रही। यह कार्रवाई मेडिकल नशे की तस्करी पर रोक लगाने और युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने की दिशा में पुलिस प्रशासन की सख्त मंशा को दर्शाती है।