enewsmp.com
Home क्राइम चार महीने की रंजिश बनी खून की वजह — सब्बल से वार कर ली जान

चार महीने की रंजिश बनी खून की वजह — सब्बल से वार कर ली जान

चार महीने की रंजिश बनी खून की वजह — सब्बल से वार कर ली जान

सिंगरौली। जिले के मोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत एनसीएल की सीटीआई कॉलोनी में सोमवार शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई। एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की सहेली की बेरहमी से सब्बल मारकर हत्या कर दी। आरोपी को शक था कि उसकी पत्नी को सहेली ने भड़काकर घर से भगाया है।

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी अजय दास ने शाम करीब 4 बजे कुसुम कुमारी के घर में घुसकर उस पर सब्बल से वार कर दिया। वार इतना जबरदस्त था कि सब्बल महिला की बायीं आंख के पास से सिर के आर-पार निकल गया। गंभीर रूप से घायल महिला को परिजन तत्काल जयंत स्थित नेहरू शताब्दी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मोरवा थाना प्रभारी उमेश प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी अजय दास सुबह से ही मृतका कुसुम कुमारी से गाली-गलौज कर रहा था। शाम को उसने घर में घुसकर हमला किया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

मृतका के पति अमर चौहान ने बताया कि आरोपी की पत्नी अमृता पनिका करीब चार महीने पहले किसी अन्य व्यक्ति के साथ भाग गई थी। तब से अजय दास को शक था कि उसकी पत्नी को कुसुम कुमारी ने ही उकसाया था। इसी रंजिश के चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया।

फिलहाल पुलिस आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है। इस घटना से सीटीआई कॉलोनी क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और लोग दहशत में हैं।

Share:

Leave a Comment