enewsmp.com
Home क्राइम सीधी में रिश्वतखोरी का भंडाफोड़,8 हजार रुपये की रिश्वत लेते महिला लिपिक रंगे हाथों गिरफ्तार,दो आरोपी फरार

सीधी में रिश्वतखोरी का भंडाफोड़,8 हजार रुपये की रिश्वत लेते महिला लिपिक रंगे हाथों गिरफ्तार,दो आरोपी फरार

सीधी में रिश्वतखोरी का भंडाफोड़,8 हजार रुपये की रिश्वत लेते महिला लिपिक रंगे हाथों गिरफ्तार,दो आरोपी फरार


सीधी -भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त संगठन की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। महानिदेशक लोकायुक्त श्री योगेश देशमुख के निर्देश और उप पुलिस महानिरीक्षक श्री मनोज सिंह के मार्गदर्शन में लोकायुक्त संभाग रीवा की टीम ने बुधवार को सीधी में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) विभाग की महिला लिपिक को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत बडखरा 734, तहसील चुरहट निवासी शिकायतकर्ता राजकुमार साकेत ने लोकायुक्त कार्यालय रीवा में 6 अक्टूबर को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि वर्ष 2022-23 में उसके द्वारा पुलिया निर्माण कार्य कराया गया था, जिसकी स्वीकृत राशि 4.64 लाख रुपये थी। इसमें से 2.38 लाख रुपये का भुगतान पहले ही हो चुका था, जबकि शेष 2.26 लाख रुपये का भुगतान रोक दिया गया था।

भुगतान जारी करने के एवज में एसडीओ रामाश्रय पटेल (आरईएस चुरहट), उपयंत्री अखिलेश मौर्य (जनपद पंचायत रामपुर नैकिन) और लेखापाल सहायक ग्रेड-3 नेहा सिंह (आरईएस सीधी) द्वारा कुल 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी।

शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुनील कुमार पाटीदार के निर्देशन में बुधवार को ट्रैप टीम गठित की गई। निरीक्षक उपेंद्र दुबे के नेतृत्व में गठित टीम ने आरईएस कार्यालय सीधी में कुमारी नेहा सिंह को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।

कार्रवाई के दौरान एसडीओ रामाश्रय पटेल और उपयंत्री अखिलेश मौर्य मौके से फरार हो गए। लोकायुक्त टीम दोनों की तलाश में जुटी है। तीनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन अधिनियम 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

ट्रैप दल में उपनिरीक्षक श्रीमती आकांक्षा शुक्ला, प्र.आर. सुरेश कुमार, मुकेश मिश्रा, शिवलाल प्रजापति, पवन पांडेय, आर. लवलेश पांडेय, मनोज मिश्रा और जितेंद्र सिंह शामिल रहे।

लोकायुक्त की इस कार्रवाई से जिले के प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। वहीं आमजन ने इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि लोकायुक्त की सख्ती से भ्रष्टाचार पर नकेल कसने में मदद मिलेगी।

Share:

Leave a Comment