धान खरीदी की राशि का 3 प्रतिशत कमीशन मांगने का आरोप, प्रेम नगर स्थित आवास पर लोकायुक्त रीवा की कार्रवाई सतना(ईन्यूज एमपी)- जिला केंद्रीय सहकारी बैंक सतना के प्रबंधक के.एस. शर्मा को लोकायुक्त रीवा की टीम ने 96 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। बुधवार को प्रेम नगर स्थित उनके आवास पर लोकायुक्त की टीम ने ट्रैप की कार्रवाई को अंजाम दिया। आरोपी पर नागौद में धान खरीदी की राशि के भुगतान के एवज में कुल राशि का तीन प्रतिशत कमीशन बतौर रिश्वत मांगने का आरोप है। जानकारी के अनुसार, धान खरीदी की राशि से जुड़े मामले में बैंक प्रबंधक द्वारा रिश्वत की मांग किए जाने की शिकायत लोकायुक्त एसपी रीवा से की गई थी। शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त ने आरोपी को रंगे हाथों पकड़ने की योजना बनाई। बुधवार को निरीक्षक एस. राम मरावी के नेतृत्व में करीब 15 सदस्यीय लोकायुक्त टीम प्रेम नगर स्थित आरोपी के आवास पहुंची। जैसे ही शिकायतकर्ता ने बैंक प्रबंधक को 96 हजार रुपये की रिश्वत दी, टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली है। ट्रैप कार्रवाई के बाद लोकायुक्त टीम आरोपी बैंक प्रबंधक को लेकर सर्किट हाउस पहुंची, जहां दस्तावेजी कार्रवाई, पूछताछ और मामले से जुड़े साक्ष्यों की जांच की जा रही है। लोकायुक्त टीम द्वारा रिश्वत की मांग, लेन-देन और संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। कार्रवाई की खबर सामने आने के बाद बैंकिंग और सहकारिता विभाग में हड़कंप की स्थिति है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई लोकायुक्त की जांच और दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद सामने आएगी।