enewsmp.com
Home क्राइम रीवा में लोकायुक्त का बड़ा ट्रैप: PWD के प्रभारी मुख्य अभियंता ₹50 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

रीवा में लोकायुक्त का बड़ा ट्रैप: PWD के प्रभारी मुख्य अभियंता ₹50 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

रीवा(ईन्यूज एमपी)- लोकायुक्त रीवा ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) रीवा संभाग के प्रभारी मुख्य अभियंता कैलाश कुमार लच्छे को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा है। कार्रवाई आज मंगलवार 11 अगस्त 2026 को सिविल लाइन स्थित उनके शासकीय आवास के पास की गई। मामले में उनके कथित अशासकीय सहयोगी धर्मवीर भारती को भी आरोपी बनाया गया है।

हर महीने एक लाख रुपए रिश्वत की थी मांग

लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता सोनू सिंह सतना स्थित एक टेस्टिंग लैब में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। उनकी फर्म द्वारा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का परीक्षण किया जाता है। आरोप है कि रीवा PWD संभाग में फर्म को काम दिलाने के एवज में प्रभारी मुख्य अभियंता कैलाश कुमार लच्छे द्वारा हर महीने एक लाख रुपए रिश्वत की मांग की जा रही थी।

इस संबंध में शिकायतकर्ता ने 4 अगस्त 2026 को लोकायुक्त कार्यालय रीवा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने मामले का सत्यापन कराया।

सत्यापन के दौरान भी लिए थे 50 हजार

लोकायुक्त के मुताबिक, शिकायत के सत्यापन के दौरान भी आरोपी कैलाश कुमार लच्छे ने अपने कथित सहयोगी धर्मवीर भारती के माध्यम से शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपए लिए थे। इसके बाद रिश्वत की अगली रकम दिए जाने को लेकर कार्रवाई की योजना तैयार की गई।

दूसरी बार 50 हजार लेते ही दबोचा

11 अगस्त को पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त रीवा **योगेश्वर शर्मा** के निर्देश पर उप पुलिस अधीक्षक **प्रवीण सिंह परिहार** के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने शिकायतकर्ता द्वारा दिए जा रहे 50 हजार रुपए की रिश्वत के दौरान कार्रवाई करते हुए PWD के प्रभारी मुख्य अभियंता कैलाश कुमार लच्छे को रंगे हाथ पकड़ लिया।

कार्रवाई में उनके कथित अशासकीय सहयोगी धर्मवीर भारती, उम्र 59 वर्ष, निवासी विदिशा, को भी आरोपी बनाया गया है।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज

लोकायुक्त पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन अधिनियम 2018) की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। लोकायुक्त टीम द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

DSP के नेतृत्व में हुई कार्रवाई

पूरी कार्रवाई लोकायुक्त रीवा के उप पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह परिहार के नेतृत्व में की गई। ट्रैप टीम में निरीक्षक संदीप सिंह भदौरिया सहित लोकायुक्त कार्यालय रीवा की टीम शामिल रही।

Share:

Leave a Comment