सीधी(ईन्यूज एमपी)-जमोड़ी थाना क्षेत्र के मधुरी गांव में राजमिस्त्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद रविवार सुबह तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। मृतक के करीब 100 परिजन और रिश्तेदारों ने लक्ष्मीकांत पटेल के घर का घेराव कर दिया। सूचना मिलने पर जमोड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। मजदूरी के रुपए मांगने गए थे, रात में मिला शव जानकारी के अनुसार, मधुरी निवासी दिनेश साकेत शनिवार रात करीब 10 बजे लक्ष्मीकांत पटेल के घर गए थे। इसी मकान में रात के समय उनका शव मिला। मृतक की पत्नी निर्मला साकेत के अनुसार, दिनेश लक्ष्मीकांत के यहां राजमिस्त्री का काम करते थे और उनकी 18 हजार रुपए से अधिक की मजदूरी बकाया थी। पत्नी का कहना है कि दिनेश बकाया मजदूरी के रुपए मांगने के लिए ही वहां गए थे। सुबह बड़ी संख्या में पहुंचे परिजन रविवार सुबह करीब 10 बजे मृतक के परिजन और रिश्तेदार बड़ी संख्या में लक्ष्मीकांत पटेल के घर पहुंचे और मकान को चारों तरफ से घेर लिया। इस दौरान लक्ष्मीकांत की पत्नी और बेटी के घर के अंदर फंसे होने की बात सामने आई। स्थिति बिगड़ने की सूचना पर जमोड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया। मकान मालिक ने बताया- सीढ़ियों से गिरने से हुई मौत वहीं, मकान मालिक लक्ष्मीकांत पटेल ने मौत को हादसा बताया है। उनका कहना है कि शनिवार रात वह और दिनेश साकेत दूसरी मंजिल की छत पर बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान बिजली चली गई। दिनेश नीचे उतरने लगे, लेकिन सीढ़ियों पर रेलिंग नहीं होने के कारण वह नीचे गिर गए। लक्ष्मीकांत के मुताबिक, गिरने से दिनेश की मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार जमोड़ी थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर लक्ष्मीकांत पटेल को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। शव को रविवार सुबह करीब 10 बजे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस के अनुसार मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।