enewsmp.com
Home क्राइम सीधी:टांगी से जानलेवा हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई

सीधी:टांगी से जानलेवा हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत जमुनिहा कला में 17 अगस्त को हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने विवाद के दौरान एक व्यक्ति पर टांगी से सिर और सीने पर वार किया था। घायल का जिला अस्पताल सीधी में उपचार चल रहा है।

पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त 2026 की शाम करीब 5:30 बजे जमुनिहा कला निवासी सविता कोल अपने घर पर थीं। इसी दौरान उनके पति रमेश कोल घर के सामने सड़क पर बैठे थे। तभी गांव का ही अशोक कोल, उम्र 45 वर्ष, हाथ में टांगी लेकर वहां पहुंचा और रमेश से गाली-गलौज करने लगा।

विवाद बढ़ने पर आरोपी ने जान से मारने की नीयत से रमेश के सिर पर टांगी से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद आरोपी ने उनके सीने पर भी टांगी से वार किया। शोर सुनकर लालमणि कोल और उमाशंकर कोल मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। इसके बाद आरोपी टांगी लेकर अपने घर की ओर चला गया।

घायल रमेश कोल को परिजनों ने उपचार के लिए जिला अस्पताल सीधी में भर्ती कराया। फरियादिया सविता कोल की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने धारा 109(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और 19 अगस्त 2026 को अशोक कोल को गिरफ्तार कर लिया। प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सुजीत कड़वे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कोतवाली उपनिरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक राजमणि रजक, आरक्षक राज कुमार मिश्रा एवं आरक्षक प्रखर पांडेय की भूमिका रही।

Share:

Leave a Comment