सीधी(ईन्यूज एमपी)- पर्यावरण संरक्षण एवं जल संवर्धन को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से शिक्षक दयाशंकर द्विवेदी द्वारा चलाया गया "संकल्प से समाधान जन-जागरूकता अभियान" एक नई मिसाल बनकर सामने आया है। 27 मई 2026 से प्रारंभ हुए इस अभियान के माध्यम से मात्र 24 दिनों में एक लाख लोगों तक "एक पेड़ मां के नाम" लगाने का संदेश एवं संकल्प पत्र पहुंचाने का लक्ष्य पूरा कर लिया गया। यह अभियान मध्य प्रदेश शासन एवं जिला प्रशासन द्वारा संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत ग्राम बड़खरा-740, विकासखंड रामपुर नैकिन, जिला सीधी से प्रारंभ हुआ था। अभियान की शुरुआत ग्राम पंचायत बड़खरा-740 की सरपंच स्नेहलता सिंह, अमरपुर के सरपंच वीरेंद्र त्रिपाठी, कुआं पंचायत के सरपंच सत्यनारायण पटेल सहित जनप्रतिनिधियों, शासकीय कर्मचारियों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में हुई। एक लाख लोगों तक पहुंचने का संकल्प कार्यक्रम के प्रथम दिन ही शिक्षक दयाशंकर द्विवेदी ने संकल्प लिया था कि वे कम से कम एक लाख लोगों तक पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं वृक्षारोपण का संदेश पहुंचाएंगे। उनके इस संकल्प को जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं समाज के विभिन्न वर्गों का भरपूर सहयोग मिला। अभियान के लिए संकल्प पत्रों की छपाई एवं कागज की व्यवस्था में राजीव तिवारी (मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत रामपुर नैकिन), आशीष मिश्रा (तहसीलदार रामपुर नैकिन), महेंद्र द्विवेदी (नायब तहसीलदार), साक्षी गौतम (तहसीलदार चुरहट), सुषमा रावत (प्रभारी तहसीलदार) एवं हंसराज सिंह (नायब तहसीलदार) सहित कई अधिकारियों ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। तीन जिलों में चलाया जन-जागरूकता अभियान दयाशंकर द्विवेदी ने सीधी जिले के ग्रामीण क्षेत्रों, बाजारों और नगरों में व्यापक जनसंपर्क किया। इसके बाद उन्होंने रीवा एवं सतना जिले तक अभियान का विस्तार किया। रीवा स्थित अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय के परीक्षा केंद्रों, रेलवे स्टेशन तथा सतना रेलवे स्टेशन पर बड़ी संख्या में लोगों को संकल्प पत्र वितरित कर जागरूक किया गया। विशेष रूप से सतना रेलवे स्टेशन के स्टेशन प्रबंधक ए. मतीन के सहयोग से हजारों यात्रियों तक यह संदेश पहुंचाया गया। रेलवे स्टेशन, प्रशिक्षण संस्थान, महाविद्यालय, जनकल्याण शिविर एवं विभिन्न शासकीय कार्यक्रम अभियान के प्रमुख केंद्र बने। अनेक अधिकारियों एवं शिक्षाविदों का मिला सहयोग अभियान को सफल बनाने में रामनरेश पटेल (प्राचार्य, शासकीय शिक्षा महाविद्यालय), पंकज नाथ मिश्रा, प्रियंका द्विवेदी, रीना मिश्रा, दीपक पांडे, महेश विश्वकर्मा, ज्ञानेंद्र पांडे, दिनकर पांडे, शिवशंकर मिश्रा, अवसरण पांडे सहित अनेक अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों का उल्लेखनीय योगदान रहा। सांसद की उपस्थिति में हुई उपलब्धि की घोषणा चुरहट में आयोजित जनकल्याण शिविर में सीधी-सिंगरौली सांसद डॉ. राजेश मिश्रा की उपस्थिति में दयाशंकर द्विवेदी ने अपने रजिस्टर में संधारित आंकड़ों का वाचन करते हुए बताया कि एक लाख लोगों तक जन-जागरूकता एवं संकल्प पत्र पहुंचाने का लक्ष्य पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण एवं जल संरक्षण के लिए प्रेरित किया जाएगा। "एक पेड़ अवश्य लगाएं" दयाशंकर द्विवेदी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाना चाहिए तथा तालाब, कुएं, नदी-नालों एवं जलस्रोतों की रक्षा के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि जल और पर्यावरण का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। कार्य की हुई सराहना अभियान की सफलता पर सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, पूर्व विधायक शरदेंदु तिवारी, देवेंद्र त्रिपाठी, नगर परिषद अध्यक्ष मोनिका गुप्ता, उपाध्यक्ष अजय पांडे, एसडीएम विकास कुमार आनंद, राजीव तिवारी, साक्षी गौतम, सुषमा रावत, आशीष मिश्रा, महेंद्र द्विवेदी, विष्णु पांडे, विनय मिश्रा, सुजीत मिश्रा, प्रवीण तिवारी, दिलीप सिंह, राहुल सिंह, वन विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों ने शिक्षक दयाशंकर द्विवेदी के प्रयासों की सराहना की। संदेश स्पष्ट है— "जब शिक्षक का संकल्प मजबूत हो, तो समाज की दशा और दिशा दोनों बदल सकती हैं।" पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन और वृक्षारोपण के लिए चलाया गया यह अभियान आज पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा का विषय बन गया है।