enewsmp.com
Home देश-दुनिया राजधानी एक्सप्रेस के एसी कोच में आग, 68 यात्री सुरक्षित निकाले गए—रेलवे ट्रैक पर आवागमन प्रभावित

राजधानी एक्सप्रेस के एसी कोच में आग, 68 यात्री सुरक्षित निकाले गए—रेलवे ट्रैक पर आवागमन प्रभावित

रतलाम/आलोट(ईन्यूज एमपी)- त्रिवेंद्रम से हजरत निजामुद्दीन (दिल्ली) जा रही राजधानी एक्सप्रेस में रविवार तड़के आग लगने की घटना सामने आई है। हादसा रतलाम जिले के आलोट के पास लूणी रीछा और विक्रमगढ़ स्टेशन के बीच हुआ, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 12431 राजधानी एक्सप्रेस रात करीब 3:45 बजे रतलाम जंक्शन से रवाना हुई थी। सुबह करीब 5:15 बजे राजस्थान सीमा में प्रवेश से पहले एसी कोच बी-1 में अचानक आग लग गई। कोच में कुल 68 यात्री सवार थे, जिन्हें रेलवे कर्मचारियों और स्टाफ की तत्परता से लगभग 15 मिनट के भीतर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, जिससे बड़ा हादसा टल गया। आग लगने के बाद एहतियात के तौर पर ट्रेन का बिजली कनेक्शन तुरंत काट दिया गया और प्रभावित कोच को अलग कर दिया गया। साथ ही दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर ट्रैफिक अस्थायी रूप से रोक दिया गया, जिससे अन्य ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ।

घटना स्थल कोटा रेल मंडल क्षेत्र में आता है, लेकिन नजदीकी होने के कारण रतलाम मंडल के डीआरएम अश्विनी कुमार तत्काल मौके के लिए रवाना हो गए। रेलवे प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य के लिए दुर्घटना राहत ट्रेन और टॉवर वैगन भी मौके पर भेज दी है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। रेलवे द्वारा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Share:

Leave a Comment