enewsmp.com
Home स्वास्थ्य स्वास्थ्य सुविधाओं की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए वरिष्ठ संयुक्त संचालक का दो दिवसीय दौरा

स्वास्थ्य सुविधाओं की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए वरिष्ठ संयुक्त संचालक का दो दिवसीय दौरा

स्वास्थ्य सेवाओं को जनोन्मुखी बनाने के लिए दिए महत्वपूर्ण निर्देश

सीधी(ईन्यूज एमपी)-राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन भोपाल के वरिष्ठ संयुक्त संचालक डॉ. प्रभाकर तिवारी ने 2 एवं 3 जून को सीधी जिले का दो दिवसीय भ्रमण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक गुणवत्तापूर्ण एवं जनोन्मुखी बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

भ्रमण के प्रथम दिन डॉ. तिवारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरिया एवं रामपुर नैकिन का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी व्यवस्था, दवा वितरण, स्वच्छता, मरीज सुविधाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। निरीक्षण में सामने आई कमियों पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसी दिन कलेक्टर विकास मिश्रा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में संचालित राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। डॉ. तिवारी ने स्वास्थ्य विभाग से संबंधित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के त्वरित एवं संतोषजनक निराकरण पर विशेष जोर दिया।

औषधि उपलब्धता और संसाधन प्रबंधन पर विशेष फोकस

बुधवार को आयोजित जिला कार्यक्रम प्रबंधक इकाई की समीक्षा बैठक में डॉ. तिवारी ने परख चेकलिस्ट के आधार पर कार्यों का मूल्यांकन किया। उन्होंने जिला एवं ब्लॉक स्तरीय स्टोर्स के निरीक्षण, औषधियों एवं उपकरणों की उपलब्धता, सामग्री क्रय एवं वितरण प्रक्रिया तथा इंडेंटिंग व्यवस्था की समीक्षा के निर्देश दिए।

उन्होंने जिला कार्यक्रम प्रबंधकों एवं ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधकों को निर्देशित किया कि दवाओं एवं उपकरणों की उपलब्धता का नियमित आकलन किया जाए तथा सभी गुणवत्ता संबंधी अभिलेख समय पर अद्यतन रखे जाएं। आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए स्वास्थ्य संस्थानों में छतों की सफाई, विद्युत मरम्मत और जल निकासी व्यवस्था को प्राथमिकता से दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए।

जन्मदिन और वर्षगांठ पर रक्तदान का दिया संदेश

भ्रमण के दौरान डॉ. तिवारी ने जिला चिकित्सालय सीधी के विभिन्न वार्डों, मुख्य भंडार गृह, ब्लड बैंक एवं स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए अभिनव पहल सुझाते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की कि वे अपने जन्मदिन एवं वैवाहिक वर्षगांठ जैसे विशेष अवसरों पर रक्तदान करने का संकल्प लें।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल न केवल रक्त की उपलब्धता बढ़ाएगी, बल्कि जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उप स्वास्थ्य केंद्रों का भी किया निरीक्षण

भ्रमण के अंतिम चरण में डॉ. तिवारी ने उप स्वास्थ्य केंद्र जमोड़ी एवं बढ़ौरा का निरीक्षण किया। जमोड़ी में उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं से गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की स्थिति की जानकारी ली तथा आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। साथ ही भंडार कक्षों में अनुपयोगी सामग्री को हटाकर स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।

डॉ. प्रभाकर तिवारी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार और आमजन को बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी-कर्मचारियों को संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना होगा।

Share:

Leave a Comment