enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश बिजली फिटिंग के दौरान छत से गिरा युवक, मौत से परिवार में मातम

बिजली फिटिंग के दौरान छत से गिरा युवक, मौत से परिवार में मातम

जियावन थाना क्षेत्र के समदा गांव में हुआ दर्दनाक हादसा, दो मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया

सिंगरौली/देवसर(ईन्यूज एमपी)- जियावन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम समदा में रविवार शाम बिजली फिटिंग का कार्य कर रहे एक युवक की छत से गिरने के कारण मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार ग्राम गोड़गवा निवासी 23 वर्षीय राम लल्लू विश्वकर्मा पिता त्रिवेणी प्रसाद विश्वकर्मा, समदा गांव में मनोज द्विवेदी के मकान की छत पर बिजली फिटिंग का कार्य कर रहे थे। कार्य के दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे छत से नीचे गिर पड़े। गिरने से उन्हें गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद साथ में काम कर रहे मजदूरों और परिजनों ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवसर पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बताया गया है कि घटना के समय मृतक के साथ दो अन्य मजदूर भी कार्य कर रहे थे। हादसा रविवार शाम करीब 7 बजे हुआ। युवक अपने पीछे पत्नी और दो छोटी बेटियों को छोड़ गया है। कम उम्र में हुई इस असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घटना की सूचना मिलने पर जियावन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share:

Leave a Comment