enewsmp.com
Home सीधी दर्पण पॉक्सो अधिनियम के संवेदनशील क्रियान्वयन एवं बाल संरक्षण पर जिला स्तरीय स्टेकहोल्डर कार्यशाला आयोजित

पॉक्सो अधिनियम के संवेदनशील क्रियान्वयन एवं बाल संरक्षण पर जिला स्तरीय स्टेकहोल्डर कार्यशाला आयोजित

सीधी(ईन्यूज एमपी)-मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार और प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीधी प्रयाग लाल दिनकर के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीधी द्वारा एडीआर भवन में जिला स्तरीय जागृति योजना-2025 के अंतर्गत ष्पॉक्सो अधिनियम के संवेदनशील क्रियान्वयन, बाल संरक्षण एवं सुरक्षित बचपन, सुरक्षित भविष्यष् विषय पर जिला स्तरीय स्टेकहोल्डर कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला का उद्देश्य पॉक्सो अधिनियम के प्रभावी एवं संवेदनशील क्रियान्वयन के साथ बाल अधिकारों की सुरक्षा, पीड़ित बच्चों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराना तथा विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय को सुदृढ़ करना था। कार्यक्रम में न्यायपालिका, पुलिस, महिला एवं बाल विकास विभाग, बाल कल्याण समिति, किशोर न्याय बोर्ड एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने सहभागिता की।

इस अवसर पर तृतीय जिला न्यायाधीश रवीन्द्र कुमार शर्मा एवं तृतीय अतिरिक्त जिला न्यायाधीश राकेश जामरा ने पॉक्सो अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा करते हुए कहा कि नाबालिग बालकों एवं बालिकाओं को लैंगिक अपराधों से संरक्षण प्रदान करना तथा उनके अधिकारों की रक्षा करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने साइबर अपराधों से बचाव, पीड़ित बच्चों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया।

न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी अर्पिता त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि पॉक्सो मामलों में बालकों के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बाल गवाहों के बयान दर्ज करते समय गोपनीयता एवं संवेदनशीलता का विशेष ध्यान रखा जाए ताकि बच्चे पुनः मानसिक आघात का सामना न करें। उन्होंने समाज से पीड़ित बच्चों के प्रति सहानुभूति एवं सम्मान का भाव रखने की अपील करते हुए उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने की आवश्यकता बताई।

कार्यशाला में बाल संरक्षण, किशोर न्याय प्रणाली, साइबर सुरक्षा, लैंगिक अपराधों की रोकथाम तथा पीड़ित बच्चों को विधिक सहायता उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। उपस्थित अधिकारियों ने बच्चों की सुरक्षा एवं कल्याण के लिए सभी विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित कर संयुक्त रूप से कार्य करने तथा ष्सुरक्षित बचपन, सुरक्षित भविष्यष् के लक्ष्य को साकार करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुकेश कुमार शिवहरे, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी अर्पिता त्रिपाठी, जिला विधिक सहायता अधिकारी मनीष कौशिक, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग प्रवेश कुमार मिश्रा, उप पुलिस अधीक्षक सुजीत कुमार कड़वे, अध्यक्ष बाल कल्याण समिति शांत शिरोमणि पयासी, सदस्य बाल कल्याण समिति सचीन्द्र मिश्रा, सदस्य किशोर न्याय बोर्ड धर्मेन्द्र शुक्ला, सुप्रिया मिश्रा, दीपा मिश्रा (महिला सुरक्षा शाखा), जी.पी. सुखेन्द्र द्विवेदी, ए.जी.पी. श्रद्धा सिंह, पूजा गोस्वामी, ए.डी.पी.ओ. आसिता मिश्रा, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल देवेन्द्र प्रसाद मिश्रा, डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल विनोद कुमार श्रीवास्तव एवं बाबूलाल सिंह, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल देवेन्द्र प्रसाद द्विवेदी, सत्यप्रकाश पाण्डेय एवं ऋषभ सिंह, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share:

Leave a Comment