enewsmp.com
Home स्वास्थ्य भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश, 2 माह में पूर्ण करने का लक्ष्य

भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश, 2 माह में पूर्ण करने का लक्ष्य

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में उप मुख्यमंत्री के निर्देश


भोपाल(ईन्यूज एमपी)-राजेन्द्र शुक्ल ने मंत्रालय में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की भर्ती प्रक्रियाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से भर्ती पूरी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सभी स्वीकृत पदों की मांग समय पर चयन एजेंसी को भेजी जाए और प्रशासनिक, अंतर्विभागीय समन्वय तथा विधिक विषयों में विभागीय पक्ष तत्काल प्रस्तुत किया जाए, ताकि भर्ती प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो।

उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि विभिन्न पदों पर भर्ती को शीघ्र पूरा करने के लिए भर्ती नियमों में आवश्यक संशोधन के प्रस्ताव प्राथमिकता से तैयार कर सक्षम स्तर पर स्वीकृति के लिए भेजे जाएं।

उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आधुनिक अधोसंरचना के साथ पर्याप्त मानव संसाधन की उपलब्धता आवश्यक है। पदोन्नति प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने पर भी जोर देते हुए कहा कि इससे चिकित्सकीय मैनपावर की भर्ती में तेजी आएगी।

बैठक में निर्देश दिए गए कि जिन पदों की परीक्षाएं हो चुकी हैं, उनके परिणाम शीघ्र घोषित किए जाएं तथा शेष परीक्षाएं जल्द आयोजित कर पूरी प्रक्रिया को समय सीमा में पूर्ण किया जाए। चयन एजेंसी के साथ सतत समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में जानकारी दी गई कि बायोमेडिकल इंजीनियर, ऑक्यूपेशनल थेरापिस्ट सहित 31 पद, मेडिकल सोशल वर्कर, क्लिनिकल साइकियाट्रिस्ट एवं सहायक अस्पताल प्रबंधक के 200 पद, स्टाफ नर्स, कंपाउंडर एवं पैरामेडिकल स्टाफ के 373 पद, नर्सिंग ऑफिसर के 2099 पद, सिस्टर ट्यूटर के 218 पद तथा अस्पताल सहायक के 1200 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है।

उप मुख्यमंत्री ने इन सभी भर्तियों को आगामी दो माह के भीतर पूर्ण कर नियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Share:

Leave a Comment