सीधी(ईन्यूज एमपी)- ग्राम पंचायत रामगढ़ नंबर-2 में बुधवार को विकास और सांस्कृतिक चेतना का अनूठा संगम देखने को मिला। मुख्य अतिथि सीधी विधायक श्रीमती रीती पाठक ने लगभग 49 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन उप स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण किया तथा शासकीय माध्यमिक विद्यालय रामगढ़ में 3.42 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित अतिरिक्त निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इसी अवसर पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति द्वारा आयोजित 100 दिवसीय बारहवें ग्रामोत्सव का शुभारंभ भी किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार, नदी पूजन और ग्राम विकास के संकल्प के साथ हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद सदस्य श्रीमती नीतू सिंह चौहान ने की। लोकार्पण अवसर पर विधायक श्रीमती रीती पाठक ने कहा कि नवीन उप स्वास्थ्य केंद्र के प्रारंभ होने से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। ग्रामोत्सव के शुभारंभ अवसर पर विधायक श्रीमती पाठक ने कहा कि यह आयोजन केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि ग्राम विकास, सामाजिक समरसता और जनभागीदारी को मजबूत बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने ग्रामवासियों से गांव के समग्र विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। जिला समन्वयक मुकेश कुमार गौर ने कहा कि ग्रामोत्सव के माध्यम से सामाजिक चेतना, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, स्वास्थ्य जागरूकता और जनसहभागिता को बढ़ावा मिलेगा। ग्रामोत्सव संयोजक अमित कुमार गौतम "स्वतंत्र" ने बताया कि यह आयोजन का बारहवां वर्ष है। 10 जून से शुरू हुआ यह 100 दिवसीय ग्रामोत्सव 11 सितंबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान 50 से अधिक सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक, खेलकूद और जनजागरूकता आधारित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। सरपंच शिवटहल कोल ने कहा कि यह आयोजन ग्रामवासियों की सामूहिक शक्ति, संकल्प और सकारात्मक सोच का प्रतीक है। उन्होंने आयोजन के सफल संचालन के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षक, स्वास्थ्यकर्मी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।