भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) ने वनरक्षक, क्षेत्ररक्षक, जेल प्रहरी और सहायक जेल अधीक्षक भर्ती-2026 के लिए संशोधित नियमावली जारी कर दी है। इस संशोधन में वनरक्षक पदों की संख्या बढ़ाकर अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी गई है। नई नियमावली के अनुसार वनरक्षक के पद 728 से बढ़ाकर 1111 कर दिए गए हैं। इनमें 1007 पद सीधी भर्ती के हैं, जबकि 104 पद बैकलॉग के शामिल हैं। इस बढ़ोतरी से भर्ती प्रक्रिया में अधिक उम्मीदवारों को अवसर मिलने की उम्मीद है। संशोधन में अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग के लिए भी पहली बार 165 पद शामिल किए गए हैं, जबकि पहले इस वर्ग के लिए कोई पद निर्धारित नहीं था। इसके अलावा अनारक्षित वर्ग के पद 310 से घटाकर 213 कर दिए गए हैं। वहीं अन्य वर्गों में पदों की संख्या बढ़ाई गई है, जिसमें ओबीसी के पद 198 से बढ़ाकर 229, ईडब्ल्यूएस के 77 से बढ़ाकर 111 और एसटी के 143 से बढ़ाकर 289 कर दिए गए हैं। ईएसबी के अनुसार क्षेत्ररक्षक, जेल प्रहरी और सहायक जेल अधीक्षक के पदों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। क्षेत्ररक्षक के 169 पद, जेल प्रहरी के 757 पद (जिनमें 659 पदों पर भर्ती होगी और 98 पद होल्ड रहेंगे) तथा सहायक जेल अधीक्षक के 25 पदों में से 24 पदों पर भर्ती की जाएगी।पूरी भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 2062 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। आवेदन की अंतिम तिथि 30 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है, जबकि परीक्षा की संभावित तिथि 25 मई 2026 तय की गई है।अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित तिथि के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें और परीक्षा की तैयारी समय रहते शुरू कर दें।