enewsmp.com
Home करियर एमपी में 2646 पदों पर भर्ती, 6 अप्रैल से आवेदन

एमपी में 2646 पदों पर भर्ती, 6 अप्रैल से आवेदन

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत नर्सिंग ऑफिसर और सिस्टर ट्यूटर के 2,646 पदों पर संयुक्त भर्ती परीक्षा-2026 का नोटिफिकेशन जारी किया है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 6 अप्रैल से शुरू होकर 20 अप्रैल 2026 तक चलेगी। परीक्षा 15 मई 2026 से आयोजित होगी।

भर्ती तृतीय श्रेणी के नियमित पदों के लिए की जा रही है। चयन लिखित परीक्षा के आधार पर होगा। उम्मीदवारों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा और आधार आधारित पंजीयन अनिवार्य रहेगा।

संयुक्त भर्ती में कुल 2,646 पद भरे जाएंगे। इनमें नर्सिंग ऑफिसर के 1,256 पद सरकारी अस्पतालों में और 954 पद सरकारी मेडिकल कॉलेजों में भरे जाएंगे। इसके अलावा सिस्टर ट्यूटर के 218 पद शामिल हैं।

नर्सिंग ऑफिसर पद के लिए लेवल-7 के तहत 28,700 रुपए वेतनमान निर्धारित है, जबकि सिस्टर ट्यूटर पद के लिए लेवल-9 के तहत 36,200 रुपए वेतनमान तय किया गया है।

आवेदन शुल्क सामान्य वर्ग के लिए 500 रुपए रखा गया है, जबकि एससी, एसटी, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस और दिव्यांग वर्ग के उम्मीदवारों को 250 रुपए शुल्क देना होगा। बैकलॉग पदों के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।

परीक्षा में कुल 100 प्रश्न होंगे, प्रत्येक प्रश्न 1 अंक का होगा। परीक्षा की अवधि 2 घंटे रहेगी। 25 अंक सामान्य विषयों और 75 अंक नर्सिंग विषय से होंगे। परीक्षा दो शिफ्ट में आयोजित की जाएगी।

चयन लिखित परीक्षा की मेरिट के आधार पर किया जाएगा। सामान्य वर्ग के लिए 50 प्रतिशत और आरक्षित वर्ग के लिए 40 प्रतिशत न्यूनतम अंक निर्धारित किए गए हैं। भर्ती प्रक्रिया से प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Share:

Leave a Comment