सिंगरौली(ईन्यूज एमपी)- जिले के बंधौरा चौकी क्षेत्र अंतर्गत सितूल गांव में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर सड़क किनारे स्थित एक घर में जा घुसा, जिसकी चपेट में घर के बाहर सो रहा युवक आ गया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान राजेंद्र कुमार शाह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ट्रेलर बंधौरा से परसौना की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रेलर सीधे घर में घुस गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सोमवार रात करीब 11 बजे से ही पुलिस अधिकारी और जवान मौके पर मौजूद हैं। जिले के कई थाना प्रभारी भी घटनास्थल पर पहुंचे हैं। बंधौरा चौकी प्रभारी शिवपूजन मिश्रा ने बताया कि हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। उसकी पहचान कर ली गई है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल प्रशासन और पुलिस ग्रामीणों को समझाकर स्थिति सामान्य करने का प्रयास कर रहे हैं। क्षेत्र में तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण की स्थिति बनी हुई है।