नई दिल्ली(ईन्यूज एमपी)-देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 87 पैसे प्रति लीटर महंगा होकर 99.51 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है, जबकि डीजल 91 पैसे बढ़कर 92.49 रुपये प्रति लीटर हो गया है। पिछले 10 दिनों में ईंधन की कीमतों में यह तीसरी बढ़ोतरी है। इससे पहले इसी सप्ताह पेट्रोल और डीजल के दामों में औसतन 90 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की गई थी। वहीं, कुछ दिन पहले ही तेल कंपनियों ने दोनों ईंधनों के दाम में करीब 3 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ोतरी की थी। लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। देश के प्रमुख महानगरों में भी पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कोलकाता में पेट्रोल 110.64 रुपये, मुंबई में 108.49 रुपये और चेन्नई में 105.31 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। वहीं डीजल के दाम कोलकाता में 97.02 रुपये, मुंबई में 95.02 रुपये और चेन्नई में 96.98 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि ईंधन महंगा होने का असर अब अन्य जरूरी वस्तुओं पर भी दिखाई देगा। ट्रक और मालवाहक वाहनों का किराया बढ़ने से सब्जियां, फल और राशन महंगे हो सकते हैं। किसानों के लिए ट्रैक्टर और पंपिंग सेट चलाने की लागत बढ़ेगी, जिससे कृषि उत्पादन महंगा होने की संभावना है। साथ ही बस, ऑटो और स्कूल वाहनों के किराए में भी बढ़ोतरी हो सकती है। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में इस बढ़ोतरी की मुख्य वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी बताई जा रही है। ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के कारण क्रूड ऑयल के दाम 70 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गए हैं। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के चलते तेल कंपनियों पर दबाव बढ़ा है। कंपनियों का कहना है कि घाटे की भरपाई के लिए दाम बढ़ाना जरूरी हो गया था। यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी बनी रहती है तो आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल और महंगे हो सकते हैं।