भोपाल(ईन्यूज एमपी)-मध्यप्रदेश के Satna और Maihar स्थित न्यायालयों को जहरीली गैस बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। यह धमकी न्यायालय की ईमेल आईडी पर भेजी गई, जिसमें दावा किया गया कि जजों के कक्षों में बम लगाए गए हैं। धमकी मिलते ही पुलिस और प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। न्यायालय परिसरों में सुरक्षा बढ़ा दी गई और बम निरोधक दस्ते द्वारा सघन तलाशी अभियान चलाया गया। पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर आने-जाने वालों की जांच की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के अन्य न्यायालय परिसरों में भी सतर्कता बढ़ाई गई है। पुलिस की साइबर टीम ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है। प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार की संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने की जानकारी सामने आई है, हालांकि सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और मामले की जांच जारी है। घटना के बाद न्यायालय परिसर में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल रहा। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।