enewsmp.com
Home क्राइम बुजुर्गों को निशाना बनाने वाला लुटेरा गिरोह बेनकाब, 7 आरोपी गिरफ्तार

बुजुर्गों को निशाना बनाने वाला लुटेरा गिरोह बेनकाब, 7 आरोपी गिरफ्तार

सीधी (ईन्यूज एमपी)सीधी पुलिस ने ‘ऑपरेशन क्लीन-स्वीप’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंक से पैसे निकालने वाले बुजुर्गों को निशाना बनाने वाले अंतर-थाना लुटेरों के गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर कोतवाली, सेमरिया और चुरहट थाना क्षेत्र की 4 वारदातों का एक साथ खुलासा किया है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 1 लाख 64 हजार रुपए नगद, लूट की रकम से खरीदी गई एक बुलेट मोटरसाइकिल सहित तीन बाइक बरामद की हैं। जब्त किए गए मशरूका की कुल कीमत करीब 5.4 लाख रुपए आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव, उप पुलिस अधीक्षक अमन मिश्रा और एसडीओपी चुरहट रवि प्रकाश कौल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अभिषेक उपाध्याय के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

गिरफ्तार आरोपियों में सचिन लोनिया और आदित्य विश्वकर्मा शामिल हैं, जो पहले भी लूट जैसे अपराधों में संलिप्त रहे हैं। गिरोह के अन्य 5 सदस्य नाबालिग हैं, जिन्हें बाल न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बैंक में खाता खुलवाने के बहाने जाते थे और वहां बुजुर्गों की गतिविधियों पर नजर रखते थे। इसके बाद मौका देखकर उनका पीछा कर लूट की वारदात को अंजाम देते थे। लगातार सफल वारदातों से उनका मनोबल बढ़ता गया और उन्होंने संगठित गिरोह बनाकर कई घटनाएं कीं।

थाना कोतवाली क्षेत्र से लूटे गए 1 लाख रुपए और पैशन प्रो बाइक, थाना सेमरिया से 26 हजार रुपए और बुलेट मोटरसाइकिल, जबकि थाना चुरहट के दो मामलों में कुल 38 हजार रुपए और एक अन्य बाइक बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने इस सफलता पर टीम की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की है। उन्होंने आम नागरिकों और बैंक प्रबंधन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि इस तरह के अपराधों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Share:

Leave a Comment