enewsmp.com
Home क्राइम सीधी:48 घंटे में ₹1 लाख की लूट का खुलासा, तीन आरोपी पकड़े

सीधी:48 घंटे में ₹1 लाख की लूट का खुलासा, तीन आरोपी पकड़े

सीधी(ईन्यूज एमपी)- कोतवाली थाना पुलिस ने शहर में हुई ₹1 लाख की लूट की वारदात का महज 48 घंटे में खुलासा करते हुए गिरोह के तीन आरोपियों को पकड़ लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए एक लाख रुपये नकद, एक टैबलेट और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार 12 मार्च को फरियादी लालमणि सिंह से एक लाख रुपये की लूट की घटना सामने आई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अभिषेक उपाध्याय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों की पहचान की।

इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर सचिन लोनिया (20) निवासी हटवा खास थाना कमर्जी, आदित्य विश्वकर्मा (18 वर्ष 6 माह) निवासी हटवा बरहा टोला थाना कमर्जी तथा एक विधि विरुद्ध बालक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान इनके पास से लूटे गए एक लाख रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त पैशन प्रो मोटरसाइकिल बरामद की गई।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने चुरहट और सेमरिया थाना क्षेत्र में भी लूट और झपटमारी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। इन घटनाओं के संबंध में संबंधित थानों की पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इस सफलता पर पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी अभिषेक उपाध्याय सहित टीम के अन्य पुलिसकर्मियों की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

Share:

Leave a Comment