सिंगरौली(ईन्यूज एमपी)- जिले के सरई थाना क्षेत्र अंतर्गत गन्नई गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक बेटे ने मामूली विवाद के बाद अपने ही पिता की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी **बाबूलाल उर्फ राजाराम** का अपने पिता के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर उसने अपने पिता पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंभीर चोट लगने से पिता की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही **सरई थाना पुलिस** मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्र **बाबूलाल उर्फ राजाराम** को गिरफ्तार कर लिया है। स्थानीय लोगों के अनुसार पिता-पुत्र के बीच पहले भी कई बार विवाद और झगड़े की स्थिति बन चुकी थी। हालांकि इस बार विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हत्या तक पहुंच गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है तथा यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।