सिंगरौली(ईन्यूज एमपी)- वन्यजीव संरक्षण को लेकर कर्थुआ वन परिक्षेत्र की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय पक्षी मोर के अवैध शिकार के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पिछले दस दिनों के भीतर यह वन विभाग की दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले विभाग ने सांभर के शिकार के मामले में भी आरोपियों को गिरफ्तार किया था। वन परिक्षेत्र अधिकारी दिव्यांशु सिंह ने बताया कि 7 मार्च 2026 को वन्यजीव मोर (मादा) के अवैध शिकार की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। मुखबिर की सूचना के आधार पर टीम ने तेजी से घेराबंदी कर महज एक दिन के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में हिन्छलाल केवट (68) पिता लालजी केवट निवासी ग्राम धानी, रज्जू केवट (51) पिता नन्हई केवट निवासी ग्राम धानी तथा सुरेन्द्र उर्फ लाला केवट (27) पिता हीरा केवट निवासी ग्राम धानी शामिल हैं। वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 की धारा 2, 9, 39, 51 एवं 52 के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों को देवसर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उन्हें जिला जेल पचौर भेज दिया गया। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीवों के अवैध शिकार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगल और वन्यजीवों की सुरक्षा में सहयोग करें और किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत विभाग को दें।