रोहतक(ईन्यूज़ एमपी)- साध्वी यौन शोषण मामले में आज सीबीआई कोर्ट के जज जगदीप लोहान रोहतक जेल में चॉपर हेलीकॉप्टर से जाकर गुरमीत राम रहीम को सजा सुनाएंगे। वे अपने दो सहायकों के साथ चॉपर हेलीकॉप्टर से सीधे जेल पहुंचेंगे और दोपहर लगभग 2.30 बजे सजा सुनाई जाएगी। पंचकूला से सबक लेते हुए इस बार प्रशासन ने डेरा प्रेमियों को रोहतक से दूर रखा है। इसके चलते सुनारियां जेल को 7 लेयर सुरक्षा घेरे में रखा गया है। 5 किलोमीटर तक खेतों व सड़कों पर पुलिस व सुरक्षा बलों का पहरा है। वहीं हरियाणा, पंजाब व चंडीगढ़ में पुलिस व पैरामिलिट्री अलर्ट पर हैं। जेल के आसपास किसी भी संदिग्ध को देखते ही गोली मारने के आदेश दिए गए हैं। शुक्रवार को हुई हिंसा के मद्देनजर सरकार कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती है। इसलिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। हरियाणा और पंजाब में भारतीय सेना की 28 टुकड़ियां भी तैनात की गई हैं।