लखनऊ(ईन्यूज़ एमपी)- लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में एक महिला के शव को कुत्तों ने नोच नोच कर खा डाला. शव के चेहरे का एक हिस्सा भी कुत्ते खा गए, जिसके कारण उसकी आंखें भी गायब हो गई है| अब परिवार के लोग लापरवाही के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं| चिनहट थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर की रहने वाली ऊषा तिवारी (40) नाम की महिला ने बीती रात घरेलू विवाद के चलते कीटनाशक पी लिया था। इसके बाद उसे परिजनों ने डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई थी। महिला की लाश को शवगृह में रखा गया था। जहां पर कुत्तों ने प्रवेश कर लिया और मृत महिला के मुंह को नोच कर खा लिया।कुत्तों के खून से सने पैरों के निशान फर्श पर नजर आ रहे हैं। जिसे देखकर परिजनों के होश उड़ गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। जिसके बाद मौके पर पहुँची पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है | इस घटना का पता लगने पर स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई। रविवार की शाम लोहिया के डॉयरेक्टर अस्पताल पहुंचे और इस मामले को गंभीरता से लेते हुए लापरवाह कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया। वहीं पुलिस परिजनों की तहरीर के आधार पर लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई कर रही है।