दिल्ली(ईन्यूज़ एमपी)- देश भर में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के कर्मचारी 22 अगस्त यानी आज से हड़ताल पर हैं। इसका आह्वान यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने किया है। अखिल भारतीय पंजाब नैशनल बैंक अधिकारी संघ ने भी इसका समर्थन किया है। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में वेतन पुनरीक्षण मामले, नई नियुक्तियों को लेकर यह हड़ताल बुलाई गई है। इन मांगों को लेकर है हड़ताल:- यूनियन की ओर से इंडियन बैंक एसोसिएशन द्वारा गलत फैसले लिए जाने का भी विरोध किया गया है। इसके बाद 15 सितंबर को नई दिल्ली में एक लाख बैंक कर्मी रैली करेंगे। अक्तूबर और नवंबर में भी लगातार दो दिनों तक बैंकों में हड़ताल रहेगी। इसकी तिथियां बाद में घोषित की जाएंगी। बैंक कर्मियों ने भारतीय रिजर्व बैंक और केंद्र के अनुरूप पेंशन की सुविधा देने की भी मांग की है। यूनाइटेड फोरम की मुंबई में आयोजित बैठक में इंडियन बैंक एसोसिएशन की ओर से अधिकारी संघ की मांगों पर अंकुश लगाए जाने का भी विरोध किया गया। स्केल-3 से लेकर स्केल-7 के अधिकारियों के वेतन पुनरीक्षण की मांग को स्वीकृत करने का आग्रह भी यूनियन की तरफ से किया गया है।