24 घंटे में जवाब तलब, संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई सीधी(ईन्यूज एमपी)-जिला चिकित्सालय सीधी में मंगलवार सुबह सीएमएचओ डॉ. अशोक कुमार खरे के औचक निरीक्षण में 12 चिकित्सक अनुपस्थित मिले। खास बात यह रही कि इनमें से कई चिकित्सक अपने संबंधित वार्ड में भी मौजूद नहीं थे। सीएमएचओ डॉ. खरे ने सुबह करीब 9:30 बजे जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. दीपा रानी इसरानी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए चिकित्सकों में डॉ. अमन सिंह, डॉ. अंकिता अवधिया, डॉ. के.बी. प्रजापति, डॉ. सरसिज सिंह परिहार, डॉ. राजेश कोल, डॉ. प्रतीक प्रजापति, डॉ. अरविन्द सोनी, डॉ. संदीप गुप्ता, डॉ. असलम खान, डॉ. बृजेश पाण्डे, डॉ. विवेक कुशवाहा (बंध पत्र) और डॉ. ऋषभ (बंध पत्र) शामिल हैं। 24 घंटे में देना होगा जवाब बड़ी संख्या में चिकित्सकों के बिना सूचना अनुपस्थित मिलने पर सीएमएचओ ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल मरीजों की जीवन रक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण संस्था है। यहां लापरवाही और अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीएमएचओ ने सिविल सर्जन को सभी अनुपस्थित चिकित्सकों को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर जवाब लेने के निर्देश दिए हैं। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित चिकित्सकों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी। उन्होंने अस्पताल के सभी चिकित्सकों और स्टाफ को समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने की सख्त हिदायत भी दी।