enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश एमपी के साढ़े सात लाख कर्मचारियों को दिवाली से पहले मिल सकता है महंगाई भत्ते का तोहफा

एमपी के साढ़े सात लाख कर्मचारियों को दिवाली से पहले मिल सकता है महंगाई भत्ते का तोहफा

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश के करीब साढ़े सात लाख शासकीय कर्मचारियों के लिए दिवाली से पहले अच्छी खबर सामने आ सकती है। राज्य सरकार कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने की तैयारी में है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, 15 अक्टूबर के बाद इस संबंध में घोषणा की जा सकती है। हालांकि, अंतिम निर्णय और आधिकारिक आदेश जारी होना अभी बाकी है।

वर्तमान में प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों को 58 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता मिल रहा है। प्रस्तावित 2 प्रतिशत वृद्धि के बाद डीए बढ़कर 60 प्रतिशत हो जाएगा। यह बढ़ोतरी 1 जनवरी 2026 से लंबित बताई जा रही है।

यदि सरकार जनवरी से अक्टूबर तक के 10 महीने का एरियर देने का निर्णय करती है, तो कर्मचारियों को एकमुश्त बड़ी राशि मिल सकती है। अनुमान के मुताबिक डीए में 2 प्रतिशत बढ़ोतरी से सरकार पर हर महीने करीब 82 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा, जबकि 10 महीने के एरियर के लिए करीब 820 करोड़ रुपये की जरूरत होगी।

वेतन पर भी पड़ेगा असर

डीए बढ़ने से कर्मचारियों के मासिक वेतन में मूल वेतन के आधार पर अलग-अलग वृद्धि होगी। करीब 30 हजार रुपये के मूल वेतन वाले चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को लगभग 600 रुपये प्रतिमाह अतिरिक्त मिल सकते हैं। वहीं 40 से 50 हजार रुपये के मूल वेतन वाले तृतीय श्रेणी कर्मचारियों की मासिक आय में करीब 800 से 1000 रुपये की वृद्धि हो सकती है।

70 हजार से एक लाख रुपये या उससे अधिक मूल वेतन वाले अधिकारियों को लगभग 1400 से 2000 रुपये प्रतिमाह का लाभ मिल सकता है। सुपर क्लास-1 अधिकारियों के वेतन में करीब 3500 से 4000 रुपये तक की मासिक वृद्धि का अनुमान है।

अक्टूबर में आदेश का इंतजार

राज्य के कर्मचारी अब सरकार के आधिकारिक निर्णय का इंतजार कर रहे हैं। यदि अक्टूबर के दूसरे पखवाड़े में आदेश जारी होता है तो नवंबर में मिलने वाले वेतन में बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता शामिल किए जाने की संभावना है। एरियर के भुगतान को लेकर भी अंतिम आदेश के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

Share:

Leave a Comment