भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश में बारिश का दौर अभी थमता नजर नहीं आ रहा है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के दौरान प्रदेश के पूर्वी हिस्से में भारी बारिश की संभावना जताई है। जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में तेज बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। शनिवार को जबलपुर और रीवा समेत 18 जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और सतना जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं भिंड, दतिया, पन्ना, रीवा, कटनी, शहडोल और जबलपुर सहित कई जिलों में भी भारी बारिश की आशंका है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश को देखते हुए सतना जिले में शनिवार को कक्षा 8वीं तक के सभी स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया गया है। मैहर जिले में कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूलों में अवकाश रहेगा। प्रदेश के भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और नर्मदापुरम सहित अन्य जिलों में भी मौसम प्रभावित रहने की संभावना है। बारिश के कारण नदी-नालों के जलस्तर बढ़ने और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।