भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मानसून की विदाई से पहले मध्य प्रदेश में एक बार फिर तेज बारिश का दौर शुरू होने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बना अवदाब अगले 24 घंटे में और मजबूत हो सकता है। इसके प्रभाव से 25 और 26 सितंबर को प्रदेश के पूर्वी हिस्से में भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को छतरपुर, पन्ना, सतना, उमरिया, शहडोल, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी और छिंदवाड़ा में भारी बारिश का अनुमान है। वहीं सीधी, रीवा, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, अनूपपुर, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, सागर, दमोह समेत कई जिलों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हो सकती है। 25-26 सितंबर को ज्यादा असर मौसम केंद्र के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में विकसित हुआ सिस्टम अगले 24 घंटे में मजबूत हो सकता है। इसके चलते 25 और 26 सितंबर को प्रदेश के पूर्वी हिस्से में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। कुछ जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया जा सकता है। औसत बारिश 34.3 इंच मध्य प्रदेश में अब तक औसतन 34.3 इंच बारिश दर्ज हो चुकी है। यह सामान्य बारिश के कोटे का करीब 91.9 प्रतिशत है। सितंबर के आखिरी दिनों में सक्रिय हो रहे सिस्टम से बारिश का आंकड़ा और बढ़ सकता है। मानसून की विदाई में छह दिन बाकी मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून का सामान्य समय 1 जून से 30 सितंबर तक माना जाता है। यानी मानसून की विदाई में अब करीब छह दिन शेष हैं। इस बार भी सितंबर के आखिरी सप्ताह से प्रदेश में मानसून की वापसी शुरू होने के संकेत हैं। राजस्थान के कई इलाकों से मानसून लौट चुका है। बुधवार को भी कई जिलों में बारिश बुधवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई। भोपाल में रुक-रुककर कभी तेज तो कभी हल्की बारिश होती रही। नर्मदापुरम के इटारसी में करीब आधे घंटे तक तेज बारिश हुई। खरगोन में तेज बारिश के कारण अनाज मंडी में रखा करीब 200 क्विंटल मक्का भीग गया। खंडवा, टीकमगढ़ समेत कई जिलों में भी बारिश दर्ज की गई।