भोपाल(ईन्यूज एमपी)-उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने मंगलवार को मंत्रालय में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की प्रमुख परियोजनाओं, भर्ती प्रक्रियाओं और उपकरण खरीद व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण एवं विकास कार्यों का नियमित फॉलोअप किया जाए और इन्हें निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करना सुनिश्चित किया जाए। बैठक में विशेषज्ञ चिकित्सकों, स्टाफ नर्स, पैरा-मेडिकल और तकनीकी कर्मचारियों की चल रही भर्ती प्रक्रियाओं की प्रगति पर भी चर्चा हुई। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू और प्रभावी बनाने के लिए रिक्त पदों की शीघ्र पूर्ति बेहद आवश्यक है। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, मेरिट और गति को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। शुक्ल ने बुदनी चिकित्सा महाविद्यालय और सिंगरौली मेडिकल कॉलेज में निर्माण, उपकरण उपलब्धता और शैक्षणिक व्यवस्थाओं की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि दोनों संस्थानों में सभी आवश्यक कार्य समय पर पूरे हों ताकि नए सत्र और सेवाओं के संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आए। बैठक में एयर एम्बुलेंस सेवा को और अधिक सुदृढ़ करने पर भी जोर दिया गया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गंभीर रोगियों को त्वरित और सुरक्षित आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है, इसलिए इस सेवा को आधुनिक और प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने एमपीपीएचएससीएल द्वारा की जा रही चिकित्सकीय उपकरण खरीद प्रक्रिया की भी समीक्षा की। शुक्ल ने कहा कि उपकरण खरीद में पारदर्शिता और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। आपूर्ति की समयसीमा का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए और प्राथमिकता वाले संस्थानों को उपकरण तत्काल उपलब्ध कराए जाएँ। बैठक में प्रमुख सचिव स्वास्थ्य संदीप यादव, आयुक्त तरुण राठी और एमपीपीएचएससीएल के प्रबंध संचालक मयंक अग्रवाल सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।