होशंगाबाद(ईन्यूज एमपी)-होशंगाबाद के सिवनी-मालवा नगर में गुरुवार रात 11.30 बजे रेत से जुड़े विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हो गए। एक पक्ष के करीब दर्जनभर लोग डंडों से मारपीट करने आए। झगड़ा सुलझाने गई पुलिस टीम पर भी लोगों ने हमला कर दिया। हमले में कांस्टेबल सुमित सिंह का कान फाड़ दिया। सूचना मिलते ही थाने से बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। इससे पहले ही मारपीट करने वाले लोग भाग निकले। दो लोगों को मौके से हिरासत में लिया। पुलिस ने एक पक्ष के 5 नामजद सहित अन्य लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा और शांति भंग कर एकत्रित होने का केस दर्ज किया। दूसरे पक्ष पर किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं की। सिवनी-मालवा के नीतेश बाथव और परवेज खान नर्मदा नदी के रेत कारोबार से जुड़े हैं। परवेज खान रेत चोरी कर बेचता है। एसडीओपी सौम्या अग्रवाल ने तीन दिन पहले परवेज खान की ट्रैक्टर-ट्रॉली का अवैध रेत चोरी का प्रकरण दर्ज हुआ है। आरोपी परवेज को शक है कि नीतेश बाथव ने उसकी ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ाई। इसी शक के चलते गुरुवार रात को आरोपी परवेज खान और नीतेश के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्ष के करीब दो दर्जन लोग डंडे लेकर आमने-सामने हो गए। सूचना मिलने पर रात 11.45 बजे सिवनी-मालवा थाने से एसआई आरसी खातरकर, कॉन्टेबल शैतान सिंह और सुमित सिंह पहुंचे। दोनों पक्ष डंडे से मार रहे थे। कॉन्टेबल सुमित सिंह को एक पक्ष ने डंडा मार दिया। इससे कान से खून निकलने लगा। उसे तुरंत अस्पताल इलाज कराने भेजा। दो लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा और अन्य धाराओं में केस दर्ज किया। दूसरे पक्ष से किसी को आरोपी नहीं बनाया गया है। पुलिस ने दर्ज की एफआईआर शहर में देर रात हुए विवाद मामले में पुलिस ने कॉन्टेबल की तरफ से एक पक्ष के आरोपी परवेज खान, सिम्मी खान, अन्नू खान, शाहरूख खान, खालिर खान सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया।