भोपाल (ईन्यूज़ एमपी)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का कथित कूटरचित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में भोपाल क्राइम ब्रांच ने कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री पीसी शर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने उनके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 336(4), 340(2), 353(1)(बी) और आईटी एक्ट की धारा 66 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। क्राइम ब्रांच पुलिस के अनुसार, इस मामले में 24 नवंबर को भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने क्राइम एवं साइबर डीसीपी अखिल पटेल से शिकायत की थी। शिकायतकर्ता संतोष वर्मा (57), निवासी छत्रसाल नगर फेस-2, पिपलानी ने आरोप लगाया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का कूटरचित वीडियो इंटरनेट मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने अपने फेसबुक अकाउंट के माध्यम से इस वीडियो को प्रसारित किया। इससे भाजपा कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुई हैं। शिकायतकर्ता ने अपने आवेदन के साथ नितिन नवीन का मूल वीडियो भी संलग्न किया था। आरोप है कि मूल वीडियो का दुरुपयोग कर उसमें बदलाव करते हुए कूटरचित वीडियो तैयार किया गया और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया। शिकायत के आधार पर क्राइम ब्रांच ने पीसी शर्मा के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।