मध्यप्रदेश (ईन्यूज़ एमपी)- यात्रियों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने रात के समय यात्री बसों की जांच के लिए सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में बुधवार को क्षेत्रीय परिवहन स्क्वैड ने लालघाटी और आईएसबीटी बस स्टैंड पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर प्राची शर्मा के नेतृत्व में शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक चली इस कार्रवाई में आने-जाने वाली यात्री बसों को रोककर उनके दस्तावेज और सुरक्षा इंतजामों की जांच की गई। अभियान के दौरान बसों के परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसी), अग्निशमन उपकरण सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों की पड़ताल की गई। जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर चार बसों पर कुल 1 लाख 53 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। परिवहन विभाग की कार्रवाई में राजस्थान नंबर की बस RJ09PA5754, मध्यप्रदेश की MP33P3586, उत्तर प्रदेश की UP78MN5008 और मध्यप्रदेश की MP09BT9990 पर जुर्माना लगाया गया। जांच के दौरान परमिट की शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर तीन बसों को जब्त किया गया। इनमें MP41ZN9977, MP44ZD9918 और MP04PA5137 नंबर की बसें शामिल हैं। जब्त बसों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। परिवहन विभाग के अनुसार यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। खासतौर पर रात में लंबी दूरी की यात्रा करने वाली बसों की जांच पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।