सीधी (ईन्यूज़ एमपी)। संविधान दिवस के अवसर पर ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) सीधी द्वारा SGS कॉलेज में ‘आस-पड़ोस युवा संसद’ (Neighborhood Youth Parliament) का आयोजन किया गया। जिला युवा अधिकारी गरिमा जैन के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं को संवैधानिक मूल्यों से जोड़ने, नशामुक्त समाज के निर्माण तथा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के सर्वश्रेष्ठ शिक्षक के रूप में सम्मानित शैलेंद्र प्रताप सिंह ने युवाओं को संबोधित करते हुए अपने जीवन के संघर्षों और अनुभवों को साझा किया। उन्होंने बताया कि दृढ़ इच्छाशक्ति, समर्पण और निरंतर प्रयासों से किस प्रकार एक उत्कृष्ट विद्यालय की स्थापना की जा सकती है। उन्होंने युवाओं को डिजिटल दुनिया के भटकाव और नकारात्मक प्रभावों से बचने तथा तकनीक का उपयोग शिक्षा, ज्ञान और व्यक्तिगत विकास के लिए करने की सलाह दी। संजय गांधी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रभाकर ने संविधान दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को संविधान में प्रदत्त अधिकारों के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया। युवा संवाद में संविधान और नशामुक्त भारत पर हुई चर्चा कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण युवा संवाद सत्र रहा। इसमें लॉ कॉलेज के प्राचार्य संदीप देव पांडे, डॉ. प्रभाकर, शैलेंद्र प्रताप सिंह एवं जिला युवा अधिकारी गरिमा जैन ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। इस दौरान युवाओं ने संविधान और नशामुक्त भारत जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रश्न पूछे तथा अपने विचार एवं सुझाव साझा किए। लोकगीत और नुक्कड़ नाटक से दिया नशामुक्ति का संदेश नशामुक्त भारत की थीम पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को विशेष प्रभावशाली बनाया। युवाओं ने पारंपरिक लोकगीत और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों को प्रदर्शित करते हुए समाज से इस बुराई को समाप्त करने का संदेश दिया। विकसित भारत 2047 में युवाओं की भूमिका पर प्रस्तुति कार्यक्रम में यूथ आइकॉन गणेश प्रताप ने विकसित भारत के संकल्प पर पीपीटी प्रस्तुति दी। उन्होंने भारत सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य और इसकी प्राप्ति में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम के सफल आयोजन में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक (NYV) शिवांशु शुक्ला, संजय गौतम, जितेन्द्र सिंह परिहार, दिव्यप्रकाश गौतम एवं साँची सिंह का सराहनीय सहयोग रहा। कार्यक्रम के समापन पर युवाओं ने संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात करने, नशे से दूर रहने तथा विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।