सीधी(ईन्यूज़ एमपी)। जिला जेल सीधी में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (व्ही.सी.) यूनिट की स्थापना के लिए 25 नवंबर को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष प्रयाग लाल दिनकर ने विधिवत भूमिपूजन किया। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों एवं निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में जागरूक किया गया। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी सोनू जैन, जिला विधिक सहायता अधिकारी मनीष कौशिक, जेल अधीक्षक रविशंकर सिंह सहित जिला जेल का स्टाफ उपस्थित रहा। जिला जेल में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग यूनिट स्थापित होने से बंदियों को जेल से ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से न्यायालयीन कार्यवाही में शामिल होने की सुविधा मिलेगी। इससे न्यायालय में पेशी की प्रक्रिया सुगम होगी और बंदियों को जेल से न्यायालय तक लाने-ले जाने में लगने वाले समय एवं संसाधनों की बचत होगी। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में भी मदद मिलेगी। विधिक साक्षरता शिविर में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रयाग लाल दिनकर ने बंदियों को जेल में संचालित लीगल एड क्लीनिक, टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 तथा निःशुल्क विधिक सहायता योजना के तहत अधिवक्ता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने अपील एवं जमानत आवेदन प्रस्तुत करने सहित विधिक सहायता प्राप्त करने के विभिन्न प्रावधानों से भी अवगत कराया। जिला विधिक सहायता अधिकारी मनीष कौशिक ने बंदियों को उनके विधिक अधिकारों एवं निःशुल्क कानूनी सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी एवं समयपूर्व रिहाई (प्री-मेच्योर रिलीज) से संबंधित प्रावधानों के बारे में भी जागरूक किया। कार्यक्रम का उद्देश्य बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देकर न्याय तक उनकी सहज पहुंच सुनिश्चित करना रहा।