भोपाल (ईन्यूज़ एमपी)। मध्यप्रदेश की राजनीति में भाजपा के दो वरिष्ठ नेताओं के बयानों ने चर्चा तेज कर दी है। पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने चुनाव लड़ने, टिकट और प्रदेश की राजनीति से जुड़े कई मुद्दों पर बेबाक बयान दिए हैं। वहीं भाजपा के वरिष्ठ विधायक एवं पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने कोपरा सिंचाई परियोजना पूरी होने के बाद राजनीति से संन्यास लेने का ऐलान किया है। वृंदावन से भोपाल जाते समय ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर कुछ देर रुकीं पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने एक निजी चैनल से बातचीत में कई राजनीतिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। चुनाव लड़ने और टिकट के सवाल पर उन्होंने कहा, "किसकी औकात है मुझे टिकट देने की, मैं फैसला करती हूं कि मुझे चुनाव लड़ना है या नहीं।" उत्तर प्रदेश में सपा-कांग्रेस गठबंधन में दरार की चर्चाओं पर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने अपनी पांच सीटें घोषित कर दीं तो इससे उन्हें क्या फर्क पड़ता है। उन्हें सरकार बनानी है और चुनाव जीतना है। उन्होंने कहा कि उनका जमाना पूरा हो गया है। मध्यप्रदेश में शराबबंदी के मुद्दे पर उमा भारती ने एक बार फिर सरकार और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार ने कानून बना दिए हैं और पुलिस भी मौके पर पहुंच जाती है, लेकिन पंच से लेकर सांसद तक जनप्रतिनिधियों ने अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाई। सागर में शराब दुकानों के बाहर मेडिकल चेकअप कैंप लगाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह प्रशासन का प्रयास है, जबकि असली प्रयास जनप्रतिनिधियों का होना चाहिए। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की शराबबंदी नीति की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने खुद एक-एक पन्ना भेजा था, लेकिन जनप्रतिनिधियों ने उसका साथ नहीं दिया। पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह की सनातन यात्रा पर उमा भारती ने कहा कि उनकी नर्मदा परिक्रमा दिल से की गई थी और उसमें राजनीति नहीं थी, लेकिन वर्तमान यात्रा राजनीतिक है। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह राम मंदिर के शिलान्यास और निर्माण के दौरान नहीं गए और अब यात्रा निकाल रहे हैं। इस यात्रा का राम से कोई संबंध नहीं है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार को लेकर उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री से बहुत प्रसन्न हैं, लेकिन जब तक सभी जनप्रतिनिधि उनका साथ नहीं देंगे, तब तक वे सफल नहीं हो पाएंगे। इधर, भाजपा के वरिष्ठ विधायक एवं पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने भी राजनीतिक भविष्य को लेकर बड़ा ऐलान किया है। सागर जिले के रहली विधानसभा क्षेत्र के बलेह में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि कोपरा सिंचाई परियोजना पूरी होने के बाद वे राजनीति से संन्यास ले लेंगे। गोपाल भार्गव ने कहा कि अब क्षेत्र में कोई बड़ा काम बाकी नहीं है, केवल कोपरा बांध का निर्माण कराना शेष है। इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई की सुविधा मिलेगी और उनके परिवारों की आर्थिक समृद्धि का लक्ष्य पूरा होगा। उन्होंने कहा कि किसानों के परिवारों को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाना उनका अंतिम लक्ष्य है। गोपाल भार्गव रहली विधानसभा सीट से लगातार नौ बार विधायक चुने जा चुके हैं और प्रदेश सरकार में कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वर्तमान डॉ. मोहन यादव सरकार में उन्हें मंत्रिमंडल में स्थान नहीं मिला है। इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं भी होती रही हैं। हालांकि, गोपाल भार्गव ने अपने संन्यास के ऐलान को कोपरा सिंचाई परियोजना के पूरा होने से जोड़ा है। दोनों वरिष्ठ नेताओं के इन बयानों के बाद प्रदेश की राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। एक ओर उमा भारती ने चुनाव और राजनीतिक मुद्दों पर अपनी स्थिति स्पष्ट की है, तो दूसरी ओर गोपाल भार्गव ने अपने राजनीतिक सफर को विराम देने की घोषणा की है।