रीवा (ईन्यूज़ एमपी)। शहर के अमाहिया रोड पर 25 नवंबर को तेज रफ्तार कार और इलेक्ट्रिक स्कूटर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटर के पीछे बैठा युवक हवा में करीब 10 फीट उछलकर सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल के ऊपर से होता हुआ दूर जा गिरा। वहीं स्कूटर चला रहे युवक को भी गंभीर चोटें आई हैं। दोनों घायलों को उपचार के लिए संजय गांधी मेडिकल कॉलेज रीवा में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक इलेक्ट्रिक स्कूटर से अपने घर बिछिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हॉस्पिटल चौक की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार कार अचानक रॉन्ग साइड में आ गई और सामने से आ रहे स्कूटर को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में इलेक्ट्रिक स्कूटर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद कार चालक के मौके से फरार होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि पास की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में हादसे की पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में कथित तौर पर कार को रॉन्ग साइड में आकर स्कूटर को टक्कर मारते और फिर मौके से निकलते हुए देखा जा सकता है। प्रत्यक्षदर्शियों और घायलों के परिजनों ने कार चालक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। घायल संदीप चतुर्वेदी, जो जिला दिव्यांग केंद्र सामाजिक न्याय विभाग रीवा में लेखापाल के पद पर पदस्थ हैं, ने बताया कि वे अपने साथी के साथ बाईं ओर से घर जा रहे थे। उनका इलेक्ट्रिक स्कूटर अधिकतम 40 किलोमीटर प्रति घंटे की निर्धारित गति वाला है और हादसे के समय वे लगभग 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रहे थे। संदीप के अनुसार, सामने से आ रही कार अचानक उनकी ओर मुड़ी और जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वे हवा में उछलकर दूर जा गिरे। पीछे मुड़कर देखने पर कार चालक वाहन लेकर तेजी से भागता दिखाई दिया। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद कुछ राहगीर मदद के लिए पहुंचे। डायल 112 को भी सूचना दी जा रही थी, लेकिन वाहन आने में देरी की आशंका के चलते उन्होंने अपने परिजनों को फोन कर जानकारी दी। इसके बाद परिजन दोनों घायलों को अपने वाहन से संजय गांधी मेडिकल कॉलेज ले गए। संदीप ने बताया कि उनके नाक और माथे से काफी खून बह रहा था, जिसके बाद वे अचेत हो गए। परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूटर चला रहे युवक ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे सिर में गंभीर चोट से बचाव हुआ। हादसे में दोनों युवकों को गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार चालक की पहचान कर उसके विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल हादसे में घायल दोनों युवकों का संजय गांधी मेडिकल कॉलेज रीवा में उपचार जारी है।