भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश में मानसून का रुख एक बार फिर बदलने जा रहा है। प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में जोरदार बारिश के बाद अब मानसून का स्ट्रॉन्ग सिस्टम पूर्वी मध्यप्रदेश की ओर सक्रिय होने की संभावना है। शुक्रवार से जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग के कई जिलों में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश का दौर रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को शिवपुरी और श्योपुर में तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है। अगले 24 घंटे के दौरान इन दोनों जिलों में 4 इंच या उससे अधिक बारिश होने की संभावना जताई गई है। पूर्वी मध्यप्रदेश में नया सिस्टम सक्रिय होने के बाद बारिश का जोर बढ़ सकता है। रीवा संभाग के रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज और मैहर सहित शहडोल संभाग के जिलों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश के आसार हैं। जबलपुर संभाग में भी कई स्थानों पर बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। वहीं भोपाल समेत प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी बारिश की संभावना बनी हुई है। नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना सहित रायसेन, सीहोर, राजगढ़ और विदिशा समेत कई जिलों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार प्रदेश में लो प्रेशर एरिया और मानसून ट्रफ का असर बना हुआ है, जबकि दक्षिणी हिस्से से भी एक ट्रफ गुजर रही है। आने वाले दिनों में बनने वाले नए लो प्रेशर सिस्टम का अधिक प्रभाव पूर्वी मध्यप्रदेश में देखने को मिल सकता है। इसी कारण शुक्रवार से जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग में बारिश की गतिविधियां तेज होने का अनुमान है।