enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश MP में एनालॉग पनीर सहित एनालॉग दुग्ध उत्पादों पर सख्ती, निर्माण से लेकर बिक्री तक प्रतिबंध

MP में एनालॉग पनीर सहित एनालॉग दुग्ध उत्पादों पर सख्ती, निर्माण से लेकर बिक्री तक प्रतिबंध

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश में एनालॉग पनीर सहित एनालॉग दुग्ध उत्पादों के खिलाफ सरकार ने सख्त कदम उठाया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की घोषणा के बाद संबंधित विभाग ने आदेश जारी करते हुए एनालॉग दुग्ध उत्पादों के निर्माण, भंडारण, परिवहन और विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। मुख्यमंत्री ने 12 अगस्त को प्रदेश में एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध की घोषणा की थी।

जारी आदेश के तहत अब प्रदेश में एनालॉग दुग्ध उत्पादों के निर्माण से लेकर उनके भंडारण, परिवहन और बिक्री तक पर रोक रहेगी। सभी जिलों के कलेक्टरों को प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रतिबंध लागू होने के पहले ही दिन प्रदेशभर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने एनालॉग दुग्ध उत्पादों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी। विभागीय कार्रवाई के दौरान 8,135 किलो खाद्य सामग्री जब्त किए जाने की जानकारी दी गई है। इसके अलावा इंदौर में खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की कार्रवाई में 450 किलो एनालॉग पनीर जब्त किए जाने की खबर भी सामने आई है।

सरकार के इस फैसले के बाद अब प्रदेशभर में एनालॉग पनीर और अन्य प्रतिबंधित एनालॉग दुग्ध उत्पादों के निर्माण, भंडारण, परिवहन और विक्रय पर निगरानी रखी जाएगी। प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग को आदेश का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रदेश सरकार का यह कदम उपभोक्ताओं को प्राकृतिक दूध से निर्मित वास्तविक दुग्ध उत्पाद उपलब्ध कराने और डेयरी क्षेत्र को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Share:

Leave a Comment