भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश में जारी तेज बारिश के बीच भोपाल के एक पिकनिक स्पॉट पर अचानक पानी का बहाव बढ़ने से सात युवक फंस गए। सभी युवक पानी से घिरे एक टीले पर पहुंच गए, जिसके बाद SDRF की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जानकारी के अनुसार कजलीखेड़ा थाना क्षेत्र के फाटापान-बाबाझिरी पिकनिक स्पॉट पर पुराने भोपाल से सात युवक पिकनिक मनाने पहुंचे थे। इस दौरान तेज बारिश के बाद पहाड़ों से आने वाले पानी का बहाव अचानक बढ़ गया। पानी का स्तर बढ़ने से युवकों के वापस निकलने का रास्ता बंद हो गया और वे एक टीले पर फंस गए। बताया गया कि युवकों ने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद प्रशासन और बचाव दल को सूचना पहुंचाई गई। SDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और सातों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। लगातार हो रही बारिश के बीच नदी-नालों और पिकनिक स्पॉट पर अचानक पानी का बहाव बढ़ने की घटनाओं को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है