enewsmp.com
Home क्राइम शहडोल में चिकन शॉप संचालक की गोली मारकर हत्या, विरोध करने पर सीने में दागीं दो गोलियां

शहडोल में चिकन शॉप संचालक की गोली मारकर हत्या, विरोध करने पर सीने में दागीं दो गोलियां

नकाबपोश बदमाश ने पहले की हवाई फायरिंग, फिर वारदात को दिया अंजाम; पुलिस ने जिलेभर में की नाकाबंदी

शहडोल(ईन्यूज एमपी)- शहडोल जिले के अमलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर में सोमवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात में चिकन शॉप संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान रज्जन कहार (32) के रूप में हुई है। वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात एक नकाबपोश युवक पल्सर बाइक से चिकन शॉप के पास पहुंचा और पहले हवाई फायर किया। दुकान पर मौजूद रज्जन कहार ने इसका विरोध करते हुए कहा, "हो गया, इतना ही..."। इसी बात से नाराज होकर हमलावर ने रज्जन के सीने में गोली मार दी।

दुकान में मौजूद कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने जब आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया तो उसने दूसरी गोली भी रज्जन के सीने में दाग दी। गंभीर रूप से घायल रज्जन सड़क पर गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल रज्जन को अनूपपुर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही अमलाई थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस पुरानी रंजिश, आपसी विवाद और नशे से जुड़े एंगल सहित सभी संभावित कारणों की जांच कर रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आरोपी के स्थानीय होने की आशंका भी जताई जा रही है।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जिलेभर में नाकाबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि बीते महीने भी रामपुर क्षेत्र में गोलीबारी की एक घटना सामने आई थी। ऐसे में लगातार हो रही फायरिंग की घटनाओं ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share:

Leave a Comment