enewsmp.com
Home क्राइम सीधी:मामूली विवाद बना जानलेवा, हत्या का आरोपी यूपी से गिरफ्तार

सीधी:मामूली विवाद बना जानलेवा, हत्या का आरोपी यूपी से गिरफ्तार

सीधी(ईन्यूज एमपी)-जमोड़ी थाना पुलिस ने हत्या के एक मामले में फरार आरोपी को उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त कांसे का लोटा भी बरामद कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमन मिश्रा के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी जमोड़ी उपनिरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार 23 जून 2026 की रात करीब 11:15 बजे ग्राम डड़हवा में मामूली कहासुनी और गाली-गलौज के दौरान आरोपी रुद्र लाल उर्फ सोनू कोल (26) ने बंश राखन कोल (32) के सिर पर कांसे के लोटे से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजनों ने घायल को तत्काल जिला चिकित्सालय सीधी पहुंचाया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय रीवा रेफर किया गया।

अस्पताल से प्राप्त सूचना के आधार पर थाना जमोड़ी में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए पहले हत्या के प्रयास की धाराएं जोड़ी गईं। उपचार के दौरान 1 जुलाई 2026 को बंश राखन कोल की मृत्यु हो जाने पर प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) (हत्या) का इजाफा किया गया।

घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कांसे का लोटा भी बरामद कर जब्त किया गया।

आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की गई है। मामले में बीएनएस की धारा 296(बी), 115(2), 351(3), 109(1) एवं 103(1) के तहत विवेचना जारी है।

गिरफ्तारी में शामिल पुलिस टीम

आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, सहायक उपनिरीक्षक आर.डी. साकेत, प्रधान आरक्षक गुरु प्रसन्न, प्रधान आरक्षक राम खेलावन, आरक्षक के.पी. सिंह तथा आरक्षक आजाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share:

Leave a Comment